सेवा को-ऑपरेटिव फेडरेशन नीति और समर्थन के क्षेत्र में महिला सहकारी मंडलियों के अनुभवों को निर्णय लेने वाले मंचों तक पहुँचाने का कार्य करता है। इसमें परामर्श प्रक्रियाओं में भागीदारी, अनुसंधान में योगदान और उन संस्थाओं के साथ कार्य करना शामिल है जो सहकारी उद्यमों के सामने आने वाली चुनौतियों को संबोधित कर सकती हैं।
कुछ स्थितियों में यह सहकारी मंडलियों द्वारा अनुभव की जाने वाली चुनौतियों — जैसे कार्यकारी पूंजी तक पहुँच, खरीद प्रक्रिया या डिजिटल प्लेटफॉर्म — को दस्तावेज़ीकरण के माध्यम से नीतिगत अनुशंसाओं में बदलने का कार्य करता है। अन्य परिस्थितियों में यह उन मंचों और नेटवर्कों में भागीदारी के रूप में सामने आता है जहाँ इन मुद्दों पर चर्चा और संवाद होते हैं।
यह कार्य सेवा की उस लंबी परंपरा पर आधारित है जहाँ सामूहिक कार्रवाई और समर्थन ने असंगठित श्रमिकों से जुड़े नीतिगत बदलावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उदाहरण के लिए, स्ट्रीट वेंडरों के राष्ट्रीय संघ जैसे नेटवर्कों के साथ सेवा की भागीदारी ने स्ट्रीट वेंडरों से जुड़े राष्ट्रीय कानूनों के निर्माण में योगदान दिया, जिससे उन श्रमिकों को कानूनी पहचान मिली जिन्हें पहले मान्यता नहीं प्राप्त थी।
हाल ही में, सेवा को-ऑपरेटिव फेडरेशन ने VAMNICOM के साथ मिलकर राष्ट्रीय महिला सहकारी सम्मेलन 2025 का सह-आयोजन किया। इस सम्मेलन ने जमीनी स्तर की महिला आगेवानों, नीति-निर्माताओं और क्षेत्रीय विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर वित्त तक पहुँच, अनुपालन आवश्यकताओं और बाज़ार संपर्क जैसे मुद्दों पर व्यवहारिक अनुशंसाएँ विकसित कीं। इसी वर्ष सेवा को-ऑपरेटिव फेडरेशन, CICOPA बोर्ड से जुड़ने वाला पहला भारतीय संगठन भी बना, जिससे सहकारी नीतिगत मंचों पर उनकी भागीदारी और मजबूत हुई।
महासंघ का नीति कार्य सहकारी अनुभवों से सीखते हुए यह सुनिश्चित करता है कि बाज़ार, वित्त और उद्यम विकास से जुड़ी चर्चाएँ महिला संचालित सामूहिक उद्यमों की वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करें।